Agra: राखी बांधने से पहले आंखों के सामने मौत ने झकझोर दिया

Update: 2024-08-19 12:58 GMT
Agra आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रक्षाबंधन से एक दिन पहले रविवार को दिल दहलाने वाला हादसा हो गया। यहां दो बहनों की आंखों के सामने उनका भाई यमुना में डूब गया। घटना के बाद बहनें बिलखकर यही कहती रहीं कि यमुना मैया ने राखी भी नहीं बांधने दी। युवक बहनों के साथ बटेश्वर में दर्शन पूजन को आया था। मना करने के बावजूद नहाने के लिए नदी में उतर गया।
बटेश्वर के पंचमुखी महादेव मंदिर के घाट पर फिरोजाबाद जिले के ब्रह्माबाद गांव निवासी अमन कुमार (19) की यमुना में डूबने से मौत हो गई। वह अपनी बहनों नीतू और राखी के साथ यमुना स्नान और दर्शन-पूजन के लिए यहां आया था। आंखों के सामने भाई के डूब जाने से रो-रोकर बहनों की हालत खराब हो गई।
सीढ़ियां उतरते समय मना कर रही थीं बहनें
अस्पताल में भाई का शव देख बिलखतीं नीतू और राखी बोलीं कि अमन नदी में नहाने के लिए सीढ़ियां उतर रहा था। दोनों उसे मना करतीं रह गईं। पलक झपकते ही यमुना ने उसे लील लिया। रक्षा बंधन पर उसकी कलाई पर राखी भी नहीं बांधने दी। नीतू की इसी साल शादी हुई है। उसने भाई के लिए स्पेशल राखी खरीदी थी।
दो बेटों में बड़ा था अमन
किसान धर्मेद्र सिंह के दो बेटे बड़ा अमन कुमार, छोटा देवेश और तीन बेटियां नीतू, राखी और स्वार्थी हैं। दोनों बहनों ने बताया कि अमन बटेश्वर में स्नान और दर्शन के लिए उन्हें जिद कर लाया था। एक दिन पहले ही दिल्ली से घर पर रक्षा बंधन मनाने आया था। वमीं, शव जैसे ही घर पहुंचा, पिता के अलावा मां सरला देवी सुध-बुध खो बैठीं।
इसी घाट पर शनिवार को डूबे थे दो सगे भाई
शनिवार की दोपहर बटेश्वर के पंचमुखी महादेव मंदिर के घाट पर स्नान करते समय शिकोहाबाद के नौशेरा गांव के सगे भाई आर्यन एवं वंश पुत्र नरेश कुशवाह की यमुना नदी में डूबने से जान गई थी। दोनों चाचा राजेश के साथ भंडारे में शामिल होने के लिए बटेश्वर आए थे।
लगाया चेतावनी बोर्ड, घाट पर बांधी रस्सी
दो दिनों में पंचमुखी महादेव मंदिर घाट पर डूबने से 3 युवकों की मौत होने के बाद रविवार को प्रशासन ने चेतावनी बोर्ड लगा कर रस्सी बंधवा दी है। बोर्ड पर लिखा है कि घाट यमुना की गहराई 40 फीट से अधिक है, इस घाट पर न नहाएं।
Tags:    

Similar News

-->