Kushinagar राजापाकड़/कुशीनगर: तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जंगल शंकरपुर गांव के अवधेश पटेल ने 22 चक्का ट्रक लिया था और पड़ोसी गांव नौतन हर्दो निवासी ड्राइवर उदयभान पाल को एक एग्रीमेंट के तहत ट्रक चलाने के लिए दे दिया। ट्रक मालिक का आरोप है कि उसके द्वारा किस्त भी जमा नहीं किया जा रहा है और गाड़ी को गायब कर दिया गया है। उसने गाड़ी के साथ अनहोनी होने की आशंका जताई है। पीड़ित को अब पुलिस से न्याय का सहारा था लेकिन तुर्कपट्टी पुलिस उसे न्याय देने के बजाय एक महीने से थाने का चक्कर कटवा रही है।
दरअसल, 8 फरवरी को ट्रक मालिक ने थाना में तहरीर दे कर कार्रवाई की माँग की थी। कार्रवाई न होने के चलते 21 फरवरी को ट्रक मालिक अवधेश पटेल ने एसपी कुशीनगर को भी तहरीर सौंपा था, जिस पर एसपी ने थानाध्यक्ष को कार्रवाई करने की बात कही। लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किया है। इसके चलते पीड़ित को थाना का चक्कर काटना पड़ रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं पीड़ित ने जब इसकी शिकायत आईजीआरएस पर किया तो पुलिस द्वारा माकूल जवाब नहीं मिला और उसे थाने पर बुला कर एक पुलिस कर्मी द्वारा जबरन मोबाइल मांग कर पुलिस के रिपोर्ट से संतुष्टि का फीडबैक भेज दिया। इसके बाद पीड़ित ने दुबारा आईजीआरएस कर शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि वादी द्वारा पहले भी आरोपी के साथ एक सुलहनामा किया था उसके बाद फिर उसे ही गाड़ी दे दिया। मामले की जांच की जा रही है।
Tags: