बंदर ने दौड़ाकर युवक पर किया हमला पेट में पंजा मारकर किया घायल
बंदर का खौफ युवक पर हमले
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बंदर के हमले से एक युवक घायल हो गया। घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल हरपुर गांव की बताई जा रही है, जहां एक बंदर ने युवक को दौड़ाकर उसके पेट पर पंजा मार दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और डॉक्टरों को उसके पेट में सात टांके लगाने पड़े। जंगल हरपुर गांव के कुछ लोग गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पांडेय टोला स्थित नहर पुल के पास बैठे थे। इसी दौरान अचानक एक बंदर वहां पहुंचा और लोगों पर हमला करने लगा। बंदर को अपनी ओर आता देख कुछ लोग मौके से भागकर बच गए, लेकिन मनोज कुमार उसकी चपेट में आ गए। बंदर ने मनोज के पेट पर नाखून से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गहरी चोट लग गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भटहट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान पेट में सात टांके लगाए। डॉक्टरों ने युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।