Hyderabad हैदराबाद: शहर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसके कारण एक बच्चे की मौत हो गई। यहां हैदराबाद में एक दिन पहले एक बच्चा एक अपार्टमेंट की लिफ्ट के दरवाजे और दीवार के बीच फंस गया था। हालांकि इसकी जानकारी मिलने के बाद उसे किसी तरह बचाकर बाहर निकाला गया। निकाले जाने तक बच्चा जिंदा था। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन फंसने के कारण घायल हुए छह वर्षीय बच्चे की शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। दरअसल, पीड़ित बच्चा शुक्रवार को मसाब टैंक इलाके में लिफ्ट के दरवाजे और दीवार के बीच की जगह में फिसल कर फंस गया था।
इसके बाद वह दो घंटे से ज्यादा समय तक पहली मंजिल के पास फंसा रहा। 'हैदराबाद डिजास्टर रिस्पॉन्स एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी' और दमकल विभाग के कर्मियों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर लिफ्ट के फ्रेम और फ्लोर स्लैब को काटकर उसे बचाया। इसके बाद घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंदरूनी चोटों के कारण बच्चे को शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।
एक डॉक्टर ने कहा कि दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहने के कारण बच्चे को दम घुटने की समस्या हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़का अपने दादा के साथ अपार्टमेंट परिसर में एक रिश्तेदार से मिलने गया था और ग्राउंड फ्लोर पर स्थित लिफ्ट में चढ़ गया। प्रारंभिक जांच में कहा गया है कि दरवाजा पूरी तरह बंद होने से पहले ही लिफ्ट ऊपर जाने लगी और लड़के ने बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन लिफ्ट और दीवार के बीच फंस गया। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।