Udaipur: अनियंत्रित एसिड टैंकर पलटा, चालक की मौत

Update: 2025-08-04 06:10 GMT
Udaipur उदयपुर: जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। गोगुंदा-पिंडवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर घसियार के पास एसिड से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा और फिर उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
टैंकर पलटने से एसिड सड़क पर फैल गया और टैंकर फट गया। धमाके की आवाज और आग की भयावहता से आसपास के लोग सहम गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आग इतनी भीषण थी कि टैंकर का रजिस्ट्रेशन नंबर भी पूरी तरह जल गया, जिससे अभी तक मृत चालक की पहचान नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला, बड़गांव थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया
हादसे के बाद गोगुंदा से उदयपुर जाने वाला यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। टैंकर को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल हाईवे पर यातायात एकतरफा कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags:    

Similar News