Udaipur उदयपुर : इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती ने एक प्रेम प्रसंग को खौफनाक मोड़ दे दिया। सगाई की जानकारी मिलने के बाद नाराज प्रेमी ने युवती की हत्या कर दी और फिर खुद की कलाई की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में भर्ती है, जबकि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना हिरणमगरी थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहा स्थित एक होटल में हुई। आरोपी युवक विजय भोई ने अपनी प्रेमिका निकिता त्रिवेदी को होटल में बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद विजय ने निकिता का सिर दीवार पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण निकिता की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद विजय ने ब्लेड से अपने हाथ की नसें काट लीं, लेकिन अधिक दर्द सहन न कर पाने के कारण वह खुद ही अस्पताल पहुंच गया। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि विजय पेशे से कोरियोग्राफर है, जबकि निकिता एक निजी कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने भाई के साथ हिरणमगरी क्षेत्र में ही रहती थी। दोनों की पहचान कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
हत्या के बाद विजय होटल से निकलकर सीधे अस्पताल पहुंच गया, जबकि निकिता का शव कमरे में ही पड़ा रहा। मंगलवार सुबह होटल स्टाफ जब सफाई के लिए कमरे में पहुंचा तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज व होटल रजिस्टर में दर्ज आईडी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।