जिम में अचानक थम गईं सांसें, प्रिंसिपल की मौत का CCTV आया सामने
बेटी के साथ जिम पहुंचे थे प्रिंसिपल
चूरू। राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जिम में एक्सरसाइज करते समय सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरबलराम मेघवाल के रूप में हुई है। मंगलवार, 13 अक्टूबर की शाम वह ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, बीरबलराम मेघवाल मंगलवार शाम करीब छह बजे अपनी बेटी के साथ जिम पहुंचे थे। वह नियमित व्यायाम करने के लिए ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक गिरने से उनके सिर में चोट लग गई। जिम में मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि बीरबलराम मेघवाल सरदारशहर क्षेत्र के आसपालसर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। वह अपने परिवार के साथ सरदारशहर में रहते थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया। इसमें प्रधानाचार्य ट्रेडमिल पर व्यायाम करते हुए अचानक गिरते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई है।
सरदारशहर उप जिला अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रभान जांगिड़ के अनुसार, प्रधानाचार्य को अस्पताल लाए जाने पर उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिवार को सौंप दिया गया। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।