अजमेर: किशनगढ़ एयरपोर्ट से गुरुवार सुबह प्रशिक्षण उड़ान पर निकले अवन्या एविएशन अकादमी के ट्रेनी विमान के बाएं टायर में हवा नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। विमान में प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट सवार थे। दोनों सुरक्षित हैं। करीब एक घंटे तक विमान को एयरपोर्ट के आसपास हवा में उड़ाने के बाद ईंधन कम होने पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

जानकारी के अनुसार, अवन्या एविएशन का पाइपर विमान सुबह करीब 9.30 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था। करीब एक घंटे की उड़ान के बाद प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट को विमान के बाएं टायर में हवा नहीं होने का पता चला। इसकी सूचना तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दी गई। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां शुरू कर दीं और फुल इमरजेंसी घोषित कर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट किया गया। बचाव एवं सुरक्षा दलों को एयरपोर्ट पर तैनात किया गया।

विमान में पर्याप्त ईंधन होने के कारण तत्काल लैंडिंग कराने के बजाय विमान को एयरपोर्ट के आसपास चक्कर लगवाए गए, ताकि ईंधन निर्धारित स्तर तक कम हो सके। इस दौरान एयरपोर्ट प्रशासन और एटीसी लगातार विमान की स्थिति पर नजर रखे रहे। सुरक्षित लैंडिंग की तैयारियों के तहत एयरपोर्ट टर्मिनल के पास कच्चे रास्ते पर फोम बिछाकर पानी का छिड़काव किया गया। इसके बाद एक अन्य पाइपर विमान को इस स्थान पर उतारकर लैंडिंग व्यवस्था का परीक्षण किया गया। परीक्षण सफल रहने के बाद प्रशिक्षण विमान को लैंडिंग की अनुमति दी गई।

विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद पता चला कि विमान का बायां टायर निकल गया था। पाइपर विमान में तीन टायर होते हैं और लैंडिंग के समय विमान के आगे तथा दाहिनी ओर का टायर मौजूद था। इसके बावजूद विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। विमान में सवार प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट दोनों सुरक्षित हैं। घटना के कारणों और विमान के बाएं टायर के निकलने की स्थिति की विस्तृत तकनीकी जानकारी तथा आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है। अवन्या एविएशन किशनगढ़ एयरपोर्ट से पायलट प्रशिक्षण का संचालन करने वाला डीजीसीए से अनुमोदित फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन है।

Tags: