भीलवाड़ा । समाज सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ श्री निंबार्क पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट की महिला कार्यकारिणी आगामी द्वितीय विराट सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय हो गई है। महिला कार्यकारिणी द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में आगामी 9 मई 2027 (रविवार) को आयोजित होने वाले सम्मेलन (सकल हिन्दू समाज) की तैयारियों को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही सम्मेलन को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया। महिला कार्यकारिणी ने निर्णय लिया कि इस पुनीत सामाजिक आयोजन का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक समाजबंधु इससे जुड़ सकें। बैठक के दौरान सभी सदस्यों ने तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लेते हुए सम्मेलन को समाज की एक प्रेरणादायी पहल बनाने का भरोसा दिलाया। आयोजन में महिला शक्ति की सक्रिय भूमिका को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बैठक में सेवा, समर्पण और संगठन की भावना प्रमुख रूप से देखने को मिली। इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि ट्रस्ट की नवनिर्वाचित महिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 19 सितंबर 2026 (शनिवार) को राधाष्टमी के पावन अवसर पर श्री निंबार्क आश्रम में आयोजित किया जाएगा। जिसमें सभी सदस्याएं समाज सेवा और संगठन के दायित्वों का विधिवत संकल्प लेंगी।

Tags: