स्वतंत्र भारत की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, शिक्षित और संस्कारित युवा हैं: अमित नौलखा
भीलवाड़ा । राष्ट्रप्रेम, संस्कार और शिक्षा के अद्भुत संगम के बीच श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित सभी संस्थाओं ने श्री महेश पब्लिक स्कूल (प्राइमरीविंग) में 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्साहपूर्ण आयोजन किया। ध्वजारोहण, तिरंगे को सलामी, देशभक्तिगीतों की गूंज, वीर सपूतों की शौर्यगाथाओं पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभावानविद्यार्थियों के सम्मान ने समारोह को यादगार बना दिया। श्री महेश सेवा समिति के सचिव राजेंद्र कुमार कचोलिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित अधिकारी अमित नौलखा रहे। जिनका सेवा समिति की ओर से सम्मान किया गया। विदित रहे नौलखा वर्ष 2010 में विद्यालय के छात्र रहे। उस समय राजस्थान में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में सीनियर सेकेंडरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। अध्यक्षता श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश नराणीवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में सचिव राजेंद्रकुमार कचोलिया, उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल जाखेटिया, सत्यनारायण मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष राजेश बाहेती, सह-सचिव प्रह्लादराय हिंगड़ सहित समिति के संचालक सदस्य ओम प्रकाश मालू, केदारमल जागेटिया, दिलीप तोषनीवाल, दिनेश शारदा, सुरेश चंद्र काबरा, चंद्र प्रकाश काल्या उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया। छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता एवं शौर्य गाथा पर आधारित नृत्य, जलियांवाला बाग की ऐतिहासिक घटना की भावपूर्ण प्रस्तुति तथा देशभक्ति गीतों और समूह नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को भाव विभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि अमित नौलखा ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, शिक्षित और संस्कारित युवा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। समिति अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश नराणीवाल एवं समिति सचिव राजेंद्र कुमार कचोलिया ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता के मूल्यों का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि समिति की सभी संस्थाएँ शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के विकास के लिए सतत कार्य कर रही है। विद्यालय की प्रधानाचार्यानिधि झा भार्गव ने बताया की इस अवसर पर विद्यालय के उत्कृष्ट एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह मे समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित सभी संस्थाओंके प्रधानाचार्य, शिक्षक गण व अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर सभी विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।