मुख्यमंत्री ने प्रधानाचार्य सुषमा विश्नोई को किया सम्मानित

Update: 2026-07-31 14:52 GMT

भीलवाडा़ । राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती सुषमा विश्नोई को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान विद्यालय द्वारा बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्रीमती सुषमा विश्नोई ने बताया कि सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय बालिका विद्यालय नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दृष्टि से राजस्थान के अग्रणी विद्यालयों में शामिल है। वर्तमान में विद्यालय में 3,200 से अधिक छात्राओं का नामांकन है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में सभी संकायों की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है तथा छात्राओं को नियमित, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानाचार्य ने इस सम्मान का श्रेय विद्यालय के समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षा विभाग के सहयोग को देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Tags:    

Similar News