Sri Ganganagar: नशा मुक्ति की ओर एक कदम: बहनों ने भाई को दी जागरूकता की राखी

Update: 2025-08-06 11:06 GMT
Sri Ganganagar श्रीगंगानगर । ‘‘जब एक बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए यह कहे कि ‘‘भैया, नशा नहीं करोगे ना? ‘‘तो यह सिर्फ एक सवाल नहीं होता, यह पूरे समाज के लिए चेतावनी बन जाता है। नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के अंतर्गत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय व राजकीय कन्या महाविद्यालय, सादुलशहर में बुधवार को विशेष कार्यशाला का आयोजन जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के नेतृत्व किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से सह-प्रभारी विक्रम ज्याणी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भाषण देना नहीं है, बल्कि बहनों के मन में संकल्प की चिंगारी जगाना है, जिनके एक फैसले से एक पूरा परिवार उजड़ने से बच सकता है। जो बहन नशे से अपने भाई को बचा ले, वह सिर्फ बहन नहीं, वह जीवन रक्षक देवी है। क्योंकि सच्चे प्रयास कभी विफल नहीं होते है। उन्होंने कहा कि जो मैदान में हारता है, वह फिर उठ सकता है, लेकिन जो मन से हार गया वो लड़ाई कभी नहीं जीतता। इसलिए पहले अपने मन को जीतो फिर पूरी दुनिया तुम्हारी होगी।
नारी केवल कोमलता नहीं, शक्ति का स्वरूप है। जिस दिन स्त्रियाँ ठान लें कि उनका भाई, बेटा, पति या मित्र नशा नहीं करेगा, उस दिन समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है। विक्रम ज्याणी ने कई बहनो की कहानियाँ साझा कीं कैसे उन्होंने अपनों को खोया है। एक सामूहिक शपथ दिलवाई गई कि हम वो बहनें हैं जो राखी के धागे को हथियार बनाएंगी, नशे के अंधकार से अपने भाइयों को खींच लाएंगी। हम वो बेटियाँ हैं जो आँसू नहीं बहाएंगी बल्कि बदलाव लाएँगी।
बालिका स्कूल की प्रधानाचार्य नीरू ने कहा यह कोई कार्यक्रम नहीं था, यह एक क्रांति थी। एक चुप्पी तोड़ने वाली आवाज़, एक राखी से उठती हुई पुकार। अब वक्त आ गया है, ‘‘नारी उठेगी, तभी नशा झुकेगा।’’ कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पूनम दत्ता ने कहा नशा मुक्त श्री गंगानगर अभियान सिर्फ एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि हर घर की पुकार और हर युवा का इरादा बनता जा रहा है।
Tags:    

Similar News