संगम समूह की हरित पहल, पर्यावरण संरक्षण का बन रहा जन आंदोलन, 2 अगस्त को होगा प्रथम चरण का समापन

Update: 2026-08-01 13:56 GMT

Bhilwara,भीलवाडा़। संगम समूह द्वारा जिले में चलाए जा रहे एक लाख पौधे एवं 5 हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के तहत शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य ने आमजन एवं विभिन्न विद्यालयों को पौधे एवं ट्री गार्ड वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और उनके संरक्षण का आह्वान किया। एएसपी राजेश आर्य ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता ही नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने संगम समूह के इस जनहितैषी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। संगम समूह के वाइस चेयरमैन एस. एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के तहत शनिवार को 560 ट्री गार्ड एवं 9,400 पौधों का वितरण आमजन तथा विभिन्न विद्यालयों में किया गया। पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि पौधारोपण अभियान को लेकर भीलवाड़ा के लोगों में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। अभियान के प्रथम चरण का समापन 2 अगस्त (रविवार) को होगा। ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक ने बताया कि जिन आवेदकों ने ट्री गार्ड के लिए आवेदन पत्र जमा किए हैं, उन्हें दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से पौधों के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आग्रह किया।

Tags:    

Similar News