Rajasthan Weather: बारिश ने मचाई तबाही,स्कूल बंद

Update: 2025-07-29 02:05 GMT
Rajasthan Weather : पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राजस्थान के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर बांधों के गेट खोलने पड़े हैं।
सिरोही में केरला नदी के पुल पर एक निजी स्कूल बस फंसी रही, जबकि चित्तौड़गढ़ में बेड़च नदी पार करते समय दो बाइक सवार बह गए। प्रशासन ने 29 जुलाई को 11 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। जयपुर, कोटा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा और अजमेर समेत कई जिलों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जयपुर में भारी बारिश के कारण यातायात जाम भी हुआ और निचले इलाकों में पानी भर गया। सिरोही में स्कूल बस पुल पर फंसी रही, एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा दल राहत कार्य में सक्रिय।
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून की ट्रफ रेखा बीकानेर और कोटा से होकर गुजर रही है, जिसके चलते 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। तीन जिलों में रेड अलर्ट, पाँच में ऑरेंज और 19 में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राहत 1 अगस्त के बाद ही मिलने की उम्मीद है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कोटा के प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बारिश को कृषि और भूजल के लिए शुभ संकेत बताया है। उन्होंने राज्य सरकार की जल संरक्षण योजनाओं - 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान और 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' की सराहना की और कहा कि आने वाले वर्षों में 45,000 जल संरक्षण संरचनाएँ बनाई जाएँगी। बीसलपुर, राणा प्रताप सागर, कोटा बैराज और माही बजाज सागर जैसे कई बाँध लगभग अपनी पूरी क्षमता पर हैं।
Tags:    

Similar News