Rajasthan : दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत,घटनास्थल पर अफरातफरी
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के करौली जिले में करौली-हिंडौन मार्ग पर स्थित पांचना पुल पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में समय सिंह को करौली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सोनू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों मृतक बीरवास गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। लेकिन मृतक सोनू सिंह के परिजन व गांव के लोग शव के साथ मौके पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे व सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एसडीएम प्रेमराज मीना मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, आरोपी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शवों का आज करौली के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।