Rajasthan: दिनदहाड़े घर में घुसे चोर, बच्ची का गला काटा, नाक-कान से चुराए जेवर
Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के बाड़मेर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां चोरी की नीयत से एक घर में घुसे बदमाशों ने 12 साल की बच्ची का गला रेत दिया। बदमाशों ने पूरा घर खंगाला, लेकिन जब उन्हें कुछ कीमती सामान नहीं मिला तो उन्होंने मृत बच्ची के नाक और कान में पहने हुए जेवर छीन लिए और फरार हो गए। घटना रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक यह घटना लाहौरिया थाना क्षेत्र के पालोदा गांव की है।
घटना के वक्त महज 12 साल की यह बच्ची घर पर ही थी और उसके माता-पिता व बाकी परिवार खेत पर काम करने गए थे। इधर, करीब साढ़े दस बजे घर में सन्नाटा देखकर चोर घुस आए। उन्हें देखकर चौथी क्लास में पढ़ने वाली बच्ची चिल्लाई तो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मुंह बंद कर दिया और चाकू से उसका गला रेत दिया। इस घटना में लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, लड़की की हत्या करने के बाद बदमाशों ने पूरे घर की बड़े इत्मीनान से तलाशी ली, लेकिन उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला।
सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेत दिया
जाते समय बदमाशों ने लड़की के कान से सोने की बाली और नाक की पिन निकाल ली और चुपचाप दरवाजा बंद कर वहां से भाग गए। दोपहर में जब लड़की के परिजन खेत से खाना खाने के लिए घर लौटे तो उन्होंने लड़की का शव खून से लथपथ पाया। पास में ही सब्जी काटने वाला चाकू भी पड़ा था, जिससे बदमाशों ने लड़की का गला रेत दिया था। यह हालत देखकर लड़की की मां बेहोश हो गई। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के शव को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया
पुलिस के मुताबिक, चौथी कक्षा में पढ़ने वाली यह लड़की जाह्नवी पाटीदार यहीं रहने वाले लालजी पाटीदार की बेटी थी। घटना के समय लालजी अपनी दो बेटियों, पत्नी और बेटे के साथ खेत में काम करने गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और पटेल पाटीदार समाज के लोग एकजुट हो गए। इन लोगों ने बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। हालांकि, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। हालांकि, ग्रामीण अभी भी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने पर अड़े हुए हैं।