Rajasthan राजस्थान: राजस्थान के अलवर जिले में एक टेंपो में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि चालक समय रहते टेंपो से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। इस घटना में टेंपो पूरी तरह जल गया।राजस्थान के अलवर जिले के नीमराणा में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फुल स्पीड में दौड़ रहे एक टेंपो में अचानक आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। आग ने विकराल रूप ले लिया और टेंपो को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
नीमराना दमकल प्रभारी मेघराज ने बताया कि शुक्रवार देर शाम कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि नीमराणा में हाईवे पर एक टेंपो में आग लग गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल मौके के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचकर आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक टेंपो पूरी तरह जल चुका था।
टेंपो चालक वकील जाधव पुत्र विलास राव जाधव निवासी मुर्गिया चक नालंदा बिहार ने बताया कि वह टेंपो लेकर बहरोड़ से शाहजहांपुर जा रहा था। जैसे ही वह नीमराणा के मुख्य फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक टेंपो में आग लग गई। इसके बाद उसने कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने से टेंपो पूरी तरह जलकर राख हो गया। टेंपो में आग लगने के दौरान कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। आग की सूचना मिलने पर नीमराणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू रूप से शुरू करवाया।