Rajasthan राजस्थान : राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार शाम को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। एक स्लीपर बस अपने आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बालोतरा पुलिस ने इसकी पुष्टि की। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की पुष्टि करते हुए बालोतरा के पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।बालोतरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पचपदरा, बालोतरा, कल्याणपुर और मंडली थाने के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से चार को जोधपुर रेफर कर दिया गया। दो बच्चों और एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई है। शवों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।