Rajasthan News: कोहरे के कारण सोमवार को श्रीगंगानगर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग पर हुआ, जहां रोडवेज बस और बोलेरो में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जो तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे श्रीगंगानगर-पदमपुर मार्ग पर सीसी हेड के पास हुआ। रोडवेज बस और बोलेरो के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खेतों में जा घुसी, जबकि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और वे किसी रिश्तेदार की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने पंजाब जा रहे थे। हादसे में परिवार के सदस्य बादल सिंह, गुरचरण सिंह और महिला स्वर्णजीत की मौत हो गई।
Tags: