Rajasthan राजस्थान: झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया है, जहां माताजी के दर्शन कर घर लौट रहे एक नवविवाहित दंपत्ति और उनके परिवार के एक 13 वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुखद घटना देर रात उस समय हुई जब उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद बाइक चकनाचूर हो गई और उसमें आग लग गई, जिसके कुछ ही देर बाद बाइक जलकर राख हो गई। यह हादसा इसलिए भी ज्यादा हृदय विदारक है, क्योंकि मृतक दंपत्ति की शादी को अभी तीन दिन ही हुए थे और दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी फीका नहीं पड़ा था। पूरे परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया है।
अकलेरा थाना प्रभारी भूपेश ने बताया कि गांव बाबड़ थाना क्षेत्र सारथल जिला बारां निवासी धनराज भील और खुशबू भील की शादी अभी तीन दिन पहले ही हुई थी। यह नवविवाहित जोड़ा अपने परिवार के 13 वर्षीय सुमित भील को बाइक पर साथ लेकर मनोहरथाना क्षेत्र के होडा स्थित माताजी मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद वापस अपने गांव लौटते समय परवन नदी के पुल पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में धनराज, खुशबू और सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अकलीरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तीनों शवों को अकलीरा अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल तीनों शवों को अकलीरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, अकलीरा अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में गहरा शोक का माहौल है। एक तरफ जहां परिवार के लोग तीन दिन पहले हुई शादी की खुशियां मना रहे थे, वहीं अब पूरा घर चीख-पुकार से गूंज रहा है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है तथा लोग इस दुखद हादसे पर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।