Rajasthan राजस्थान: जिले की आनंदपुरी थाना पुलिस ने खूंटा मूंदड़ी गांव में मक्का की फसल की आड़ में गांजा की खेती करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खेत से कुल 96 किलो गांजा बरामद किया है। थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला की ओर से एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश भारद्वाज के निर्देशन में थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम एक गुमशुदगी के मामले में खूंटा मूंदड़ी गांव में अटल सेवा केंद्र के पास पहुंची। इस दौरान पास के खेत में मक्का की फसल के बीच हरे गांजे के पौधे दिखाई दिए, जिन पर फूल खिले हुए थे, जिस पर टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए खेत में मौजूद बंशीलाल पुत्र मोगा पंडोर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बंशीलाल ने गांजा की खेती करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस टीम ने खेत में बोए गए गांजे के पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया, जिनका कुल वजन 96 किलो निकला। टीम ने आरोपी बंशीलाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले दिनों आनंदपुरी थाना पुलिस और सदर थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग खेतों से गेहूं और मक्का की फसल की आड़ में लगाए गए भारी मात्रा में गांजे के पौधे जब्त किए थे।
Tags: