Rajasthan राजस्थान: उदयपुर के दिल्ली गेट चौराहे पर स्थित दो रेस्टोरेंट संचालकों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया. यह विवाद इतना आगे बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई और उसके बाद मामला धानमंडी थाने तक पहुंच गया. इतना ही नहीं इस पूरी घटना में घायल हुए दिलीप वया को इलाज के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है. धानमंडी थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आपको बता दें कि धानमंडी थाने में जातिगत गाली-गलौज और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है. धानमंडी थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार जितेंद्र पुत्र मांगीलाल खटीक ने मामला दर्ज कराया कि वह पिछले 17 सालों से दिल्ली गेट स्थित दया भोजनालय पर काम कर रहा है. उसने यह भी बताया कि वह रेस्टोरेंट में खाना खाने आने वाले लोगों के वाहन पार्क करने और फिर ग्राहकों को रेस्टोरेंट में बैठाकर खाना खिलाने का काम करता है. लंबे समय से काम करने के कारण मीरा रेस्टोरेंट के लोगों को जानती है. जान से मारने की दी धमकी
शनिवार दोपहर 2 बजे जब वह एक ग्राहक की गाड़ी ठीक से पार्क करने गया तो मीरा रेस्टोरेंट के बाहर बैठे मुकेश तेली, मनोज तेली, रामचंद्र तेली, लोकेश तेली और तुषार तेली उसके पास आए और जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इससे घबराकर वह अपने होटल की तरफ भागने लगा। इसी बीच यह सभी लोग लाठी-डंडे, बेसबॉल बैट और लोहे के हथियार लेकर होटल के बाहर आ गए और धक्का-मुक्की करने लगे। वह तब घबरा गया जब पांच से अधिक लोग एक साथ आकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
जब दुकान मालिक दिलीप कुमार दया और उसका भतीजा शिवम दया बाहर आया तो इन सभी लोगों ने दिलीप कुमार दया और उसके भतीजे शिवम दया को हथियारों से घेर लिया। इसी बीच मुकेश तेली ने दिलीप दया पर हमला कर दिया और जान से मारने की नीयत से बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। जिससे दिलीप कुमार के सिर पर गहरी चोट लग गई और काफी खून बहने लगा। यह लोग यहीं नहीं रुके और रामचंद्र ने लोहे की रॉड से दिलीप कुमार के हाथ-पैर पर हमला कर दिया। स्टाफ को धमकाया
इस दौरान जब अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया और कहा कि वे दूर रहें, नहीं तो उन पर भी हमला कर दिया जाएगा। इससे पहले कि वे थाने जाकर अपनी आपबीती सुना पाते, मारपीट करने वाले लोग भी थाने पहुंच गए और वहां भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी। धानमंडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।