Rajasthan: बस से टक्कर के बाद CNG कार में ब्लास्ट, ज्वैलरी व्यवसायी की जिंदा जलकर मौत
Rajasthan राजस्थान: चूरू जिले के रतनगढ़ इलाके में नेशनल हाईवे 11 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बस और कार की आमने-सामने की टक्कर के बाद कार में CNG सिलेंडर फट गया, जिससे कार में आग लग गई। कार में सवार एक ज्वेलरी कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई।थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि रतनगढ़ निवासी ओम प्रकाश सोनी (22) सीकर जिले के फतेहपुर की ओर जा रहे थे। टिडियासर टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले चार नंबर मोड़ के पास उनकी कार जयपुर से चूरू जा रही बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में CNG सिलेंडर फट गया, जिससे आग लग गई। आग लगने के कारण ओम प्रकाश कार के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और जली हुई कार से शव को बाहर निकाला। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर खुलवाया।