Rajasthan : खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार पलटी, 2 की मौत4 घायल
Rajasthan राजस्थान: मकर संक्रांति के मौके पर बाबा श्याम के दर्शन करने निकले भक्तों के लिए बुधवार सुबह बहुत दुखद साबित हुई। सीकर ज़िले में रिंगस-खाटू श्यामजी रोड पर सुबह-सुबह एक वैगनआर कार पलट गई। इस भयानक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।ASI सांवतराम गुर्जर के मुताबिक, यह हादसा रिंगस रोड पर होटल माखन मटकी के सामने सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। मथुरा के रहने वाले ये भक्त कार से खाटू धाम जा रहे थे। अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रिंगस थाने के ASI सांवतराम गुर्जर ने बताया कि हादसे में मथुरा के रहने वाले उमेश और रिंकू सैनी की मौत हो गई। कार में कुल छह लोग सवार थे, जबकि इसकी क्षमता सिर्फ पांच लोगों की थी। घायलों की पहचान कार ड्राइवर दुर्गेश सैनी, अजय यादव, केवल सैनी और विनोद के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि सुबह-सुबह कार ड्राइवर को अचानक नींद आ गई थी। तेज़ रफ़्तार होने की वजह से ड्राइवर गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रख पाया और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को मोर्चरी में रखवाया और मृतकों के परिवारों को सूचना दी।हादसे के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को रिंगस के उप-ज़िला अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती इलाज के बाद, तीन घायलों (अजय, केवल और विनोद) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीकर के एक बड़े अस्पताल (कल्याण अस्पताल) में रेफर कर दिया गया।