Rajasthan राजस्थान: नए साल पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और हुड़दंगियों से निपटने की तैयारी में जुटी कोटा पुलिस के सामने मंगलवार देर रात फायरिंग का सनसनीखेज मामला आया. फायरिंग की घटना बोरखेड़ा थाना इलाके में करणी पैलेस के सामने रात करीब 12:30 बजे हुई. इसमें मध्य प्रदेश के जावरा निवासी युवक को गोली लगी है. हमलावर भी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई. युवक शादी में कोटा आया था|
बोरखेड़ा थाने के एएसआई रामकिशन बैरवा ने बताया कि रात 12:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि करणी पैलेस के सामने फायरिंग हुई है. मौके पर जाने पर पता लगा युवक दानिश को गोली लगी है. उसे तत्काल अस्पताल भेजा. जिन लोगों ने फायरिंग की थी, वे वाहन समेत मौके से फरार हो गए. ऐसे में उच्च अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद नाकेबंदी कराई. कोटा ग्रामीण पुलिस ने भी नाकेबंदी की. फिलहाल बदमाश फरार हैं. उनके संबंध में पड़ताल की जा रही है|
कमर में दो जगह गोली : पुलिस के अनुसार, बदमाश एक गाड़ी में सवार होकर पहुंचे थे और एकाएक दानिश को बाहर देखकर उन्होंने फायरिंग कर दी थी. उसके कमर में दो जगह गोली लगी है. कितने राउंड फायर हुआ, यह जांच का विषय है. अभी क्लियर नहीं हो पाया है. दानिश एमपी के जावरा से कोटा शादी में शामिल होने आया था. घायल और उसके परिजनों के बयान नहीं हुए हैं. प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा है. इसके चलते बदमाशों ने कोटा आकर फायरिंग की. बदमाश भी मध्य प्रदेश के हैं. दानिश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया. दानिश को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से परिजन निजी अस्पताल ले गए|