Rajasthan: चलती कार में अचानक लगी आग, समय रहते बाहर निकलकर लोगो ने बचाई जान
Rajasthan राजस्थान: भीषण गर्मी में चलती कार बनी आग का गोला, प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। बुधवार को राजस्थान के सीकर जिले के रानोली थाना इलाके में चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार में सवार युवक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।घटना नेशनल हाईवे-52 पर गौरिया पुलिया के पास हुई। हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले सुरेंद्र कुमार अपनी निजी कार से खाटूश्यामजी के लिए निकले थे। रानोली इलाके से गुजरते वक्त अचानक उनकी कार के बोनट से धुआं और फिर आग निकलने लगी। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने सुरेंद्र को आग लगने की सूचना दी।
सुरेंद्र ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार को साइड में खड़ा किया और खुद बाहर निकल आया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर रानोली पुलिस और सीकर से दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी और वाहन का तापमान अधिक होने के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।