Pratapgarh: जिले की अनसुनी प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाने का माध्यम

Update: 2025-02-17 11:30 GMT
 Pratapgarh प्रतापगढ़ । प्रतिभा और समर्पण किसी परिचय के मोहताज नहीं होते। सही अवसर और अथक प्रयास से कोई भी व्यक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। जिले में भी कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपने संघर्ष, मेहनत और समर्पण से दूसरों के जीवन को रोशन किया है। ऐसे ही प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की कहानियों को सामने लाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने रेडियो के सहयोग "हौसलों की उड़ान" की शुरुआत की। इस कार्यक्रम को आप हर रविवार 11:30 बजे रेडियो 89.6 पर सुन सकते है और साथ ही जिला कलेक्टर प्रतापगढ़ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी देख सकते है।
इस कार्यक्रम की आठवीं कड़ी में गत रविवार जिला कलक्टर ने तपस संस्थान के रामावतार जी और उनकी सहयोगी निशा चौधरी से विशेष बातचीत की। बता दें तपस संस्थान वर्षों से मुखबधिर बच्चों के लिए कार्य कर रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत है।
संघर्ष से सफलता की ओर
वार्ता के दौरान रामावतार जी ने बताया कि तपस संस्थान न केवल एक छात्रावास के रूप में कार्य करता है बल्कि यह उन बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान देता है, जिन्हें विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। संस्थान में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
इस कड़ी में संवाद के दौरान जब जिला कलक्टर ने रामवतार जी से पूछा कि "आपके लिए सफलता की परिभाषा क्या है , तो उन्होंने कहा कि जब मेरे छात्रावास से कोई बच्चा आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर खड़ा हो जाएगा, वही मेरी असली सफलता होगी।
संवाद के दौरान निशा चौधरी ने जिला कलक्टर को बताया कि उनका कार्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके द्वारा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद, योग और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। संस्थान का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज से जोड़ना और उनके भीतर आत्मविश्वास जगाना है।
अब तक आठ कड़ियां हो चुकी है प्रसारित
जिला कलक्टर ने कहा कि अब तक हम विभिन्न प्रतिभाओं से संवाद कर चुके है। साइटसेवर्स इंडिया, तपस संस्थान सहित विभिन्न व्यक्ति और संस्थाओं के कार्य बच्चों के जीवन और समाज में रोशनी ला रहे है।
"हौसलों की उड़ान" कार्यक्रम की आठ कड़ियों के माध्यम से सामने आई सभी कहानियां चाहे वह जिले के प्रगतिशील किसान की हो या मंडाना आर्ट एक्सपर्ट की हो या लखपति दीदी की हो, उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो कुछ कर दिखाने और बदलाव लाने का सपना देखते हैं। यह सभी कहानियां हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं।
Tags:    

Similar News