Pahalgam Terror Attack: नीरज को दी गई अंतिम विदाई, श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम
Pahalgam Terror Attack: कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेता नीरज के अंतिम संस्कार में पहुंचे। उनके अंतिम संस्कार से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके आवास पर पहुंचे। पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले जयपुर के नीरज उधवानी का गुरुवार को जयपुर में अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार शाम को उनका पार्थिव शरीर जयपुर पहुंचा। गुरुवार को अंतिम संस्कार से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी सुबह नीरज को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे। इसके लिए मॉडल टाउन स्थित उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सीएम के अलावा प्रदेशभर से नेता भी नीरज को अंतिम विदाई देने पहुंचे। इस दौरान सभी की आंखों में आंसू नजर आए। सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल और कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पार्थिव शरीर को लेकर उनके आवास पर पहुंचे। वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई विधायक और नेता भी नीरज को श्रद्धांजलि देने एयरपोर्ट पहुंचे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत अन्य नेता नीरज को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
नीरज दुबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट थे
नीरज की हाल ही में शादी हुई थी। वह दुबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वह अपनी पत्नी के साथ एक शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे। इसके बाद वह घूमने के लिए कश्मीर चले गए। घटना वाले दिन उनकी पत्नी होटल में ही रुकी थीं, जबकि नीरज घूमने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान आतंकियों ने नीरज को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।