Rajasthan राजस्थान। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बूंदी महोत्सव 2025 के अवसर पर हाड़ौती की संस्कृति, कला और विरासत को गौरवपूर्वक याद करते हुए कहा कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थान की शौर्य और परंपरा की आत्मा का उत्सव है। उन्होंने बूंदी वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “हाड़ौती की समृद्ध परंपराएं, यहां की संस्कृति, विरासत, शौर्य और वीरता की खुशबू पूरी दुनिया में है।”
ओम बिरला ने कहा कि बूंदी महोत्सव के माध्यम से हम यहां की समृद्ध लोककला, वीरता की कहानियां, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक वैभव को पूरे देश और विश्व के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बूंदी और हाड़ौती की गौरवशाली धरोहर को नई पहचान मिलेगी, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी इस धरती के इतिहास पर गर्व महसूस करेंगी।
उन्होंने कहा कि बूंदी महोत्सव न केवल स्थानीय लोगों की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करता है, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देता है। इससे देश-विदेश के पर्यटक राजस्थान की पारंपरिक कला, नृत्य, संगीत, किले, मंदिरों और ग्रामीण जीवन से रूबरू हो पाते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि बूंदी की शौर्य गाथाएं, लोककलाएं, किले और मंदिर इस क्षेत्र की आत्मा हैं। इस महोत्सव के माध्यम से हम इन्हें विश्व मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि सभी लोग बूंदी महोत्सव का हिस्सा बनें और अपनी संस्कृति को गौरव के साथ आगे बढ़ाएं।
Tags: