जयपुर: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि भारत की पहचान उसकी उदार संस्कृति, नैतिक मूल्यों और विश्व कल्याण की भावना से है। देश ने अलग-अलग समय में यहां आए विभिन्न समुदायों और विदेशी शासकों को अपनाया, लेकिन अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और जीवन मूल्यों को बनाए रखा। यही वजह है कि भारतीय संस्कृति आज भी अक्षुण्ण है।

राज्यपाल मंगलवार को लोकभवन में आयोजित विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति सबको स्वीकार करने और पूरे विश्व को अपना परिवार मानने की सोच पर आधारित है। यहां हूण, यूनानी, मुगल और अंग्रेज आए, लेकिन भारतीय समाज ने अपनी उदारता और नैतिक दृष्टिकोण को नहीं छोड़ा।

बागडे ने कहा कि भारत के विभिन्न राज्य देश की संप्रभुता और समृद्धि के महत्वपूर्ण आधार हैं। भाषा, रहन-सहन और परंपराओं में अंतर होने के बावजूद देश के लोगों की भावनाएं एक हैं। विविधता में एकता की यही भावना 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की संकल्पना को मजबूत बनाती है। उन्होंने सभी से राष्ट्र को सर्वोपरि रखकर कार्य करने का आह्वान किया।

भारतीय संस्कृति और इतिहास का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने ह्वेनसांग के भारत आगमन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ह्वेनसांग 771 ईस्वी में भारत आया था और उसने यहां के लोगों की ईमानदारी तथा नैतिक मूल्यों की प्रशंसा की थी। बागडे ने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने भारत की मूल सांस्कृतिक पहचान पर प्रहार किया और शिक्षा पद्धति में बदलाव कर लोगों को अपनी परंपराओं से दूर करने का प्रयास किया।

समारोह से पहले राज्यपाल ने राजस्थान में रह रहे विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनके अनुभव सुने और सभी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सिक्किम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, झारखंड, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, पंजाब और तमिलनाडु सहित कई राज्यों के निवासी शामिल हुए।

इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, चंडीगढ़, दिल्ली, लक्षद्वीप और पुडुचेरी के निवासियों ने भी लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से संवाद किया। कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को सामने रखा गया।

Tags: