भीलवाड़ा । संगठन की सफलता सभी सदस्यों की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता पर निर्भर है। व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय और एकजुटता को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी समस्या का समयबद्ध तरीके से समाधान हो सके। एसोसिएशन व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा और व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। यह बात भीलवाड़ा गारमेंट्स होलसेल एसोसिएशन के निविर्रोध पुनः अध्यक्ष बने नरेश सोमानी ने कही। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता निभाने, अपने सुझाव साझा करने तथा संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया। इससे पुर्व भीलवाड़ा गारमेंट्स होलसेल एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े व्यापारियों ने विभिन्न व्यापारिक विषयों पर चर्चा की तथा एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में संगठन की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा सर्वसम्मति से नरेश सोमानी को पुनः एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। व्यापारियों ने सोमानी पर विश्वास जताते हुए उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत बनाने तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही। बैठक को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष सोमानी ने कहा कि भीलवाड़ा का रेडीमेड होलसेल व्यापार अपनी मेहनत, गुणवत्ता और व्यापारिक एकता के कारण राजस्थान में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। सभी व्यापारियों के सहयोग से इसे और मजबूत बनाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। सोमानी ने व्यापारियों से टेक्नोलॉजी और डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने भीलवाड़ा में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गारमेंट उद्योग को नई गति मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों से मैन्युफैक्चरिंग, मार्केटिंग और व्यापार विस्तार से जुड़े नए सुझाव साझा करने का आग्रह किया। नवीन कार्यकारिणी में संरक्षक भागचंद जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज खारीवाल, उपाध्यक्ष राजेश बच्चानी, अभिषेक सूर्या, सचिव गोपाल विजयवर्गीय, सह सचिव गौतम रांका, कोषाध्यक्ष सनी हरचंदानी, संगठन मंत्री सुरेश खोतानी, सुनील दरगड़ सहित कार्यकारिणी में दिनेश जैन, -राकेश जैन, रोहित लोढ़ा, प्यारचंद कुमावत , राहुल मंत्री मोहनदास मूलचंदानी को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अलग समस्या समाधान टीम का गठन किया गया। इसमें राजेश बच्चानी, मनोज खारीवाल, रोहित लोढ़ा, सुरेश खोतानी एवं मोहनदास मूलचंदानी को शामिल किया गया। टीम व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करेगी। अंत मे नरेश सोमानी ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दोबारा सौंपे जाने पर सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य करेगा और व्यापार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि नरेश सोमानी पूर्व में भी एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।