महावीर इंटरनेशनल मीरा केंद्र ने स्थापना दिवस पर बढ़ाया बच्चों के लिए सहयोग का हाथ

Update: 2026-07-04 13:54 GMT

Bhilwara। महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत महावीर इंटरनेशनल मीरा केंद्र ने सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए कई जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया। केंद्र द्वारा बच्चों के बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, स्टेशनरी वितरण और जरूरतमंद विद्यार्थियों को गोद लेने जैसी प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया। पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत अपेक्स के विद्यार्थियों के लिए बास्केटबॉल ग्राउंड में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने करीब 80 बच्चों के शुगर, ब्लड प्रेशर एवं दांतों की जांच की। इस दौरान डॉक्टरों ने बच्चों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे जंक फूड के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों जैसे मानसिक तनाव, दंत रोग, बीपी और शुगर की बढ़ती समस्याओं के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर अध्यक्ष विमला रांका, सचिव सुमन अग्रवाल, भामाशाह बलबीर चोरड़िया, रजनी जैन और संतोष जागेटिया सहित कई सदस्य उपस्थित थे। मीरा केंद्र को गोद ली गई स्कूल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय शास्त्रीनगर में स्टेशनरी वितरण किया गया। गवर्नर काउंसलिंग सदस्या मंजू खटवड़ की अध्यक्षता एवं प्रिंसिपल सुनीता डांगी के सानिध्य में स्कूल के सभी 155 विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, शॉपनर और बॉक्स से तैयार विशेष किट वितरित की गई। अपनी नई स्टेशनरी पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम में पूर्व ट्रस्टी बलबीर चोरड़िया ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, इस पुनीत कार्य के तहत वीरा रजनी जैन के सहयोग से दो जरूरतमंद बच्चों को गोद लिया गया, जिनकी स्कूल फीस, ड्रेस, स्टेशनरी और जूते-मोजे का संपूर्ण खर्च उठाया जाएगा। इस नेक कार्य के लिए मंजू खटवड ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जोन सचिव पुष्पा मेहता, रजनी जैन, उषा बियानी, गुनमाला अग्रवाल सहित स्कूल स्टाफ से नितेश कुमारी, निर्मला, सोनाली टीवी पारीक और जय सिंह उपस्थित थे। महावीर इंटरनेशनल मीरा केंद्र द्वारा आयोजित इन सेवा गतिविधियों ने स्थापना दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत की।

Tags:    

Similar News