Jhalawar: खानपुर में शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए निर्देश

Update: 2025-09-27 07:09 GMT
Jhalawar  झालावाड़। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को उपखंड खानपुर की ग्राम पंचायत खंडी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर और नगर पालिका क्षेत्र खानपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पात्र लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया और टीबी से ग्रसित मरीजों को निक्षय पोषण किट प्रदान किए। उन्होंने शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से प्रत्यक्ष संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान श्री राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ आमजन को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को घर के पास ही विभिन्न योजनाओं का लाभ देना है, इसलिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने शिविर स्थलों पर पंजीकरण, हेल्प डेस्क, बैठने की सुविधा, पेयजल तथा साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि आवेदन प्रक्रिया में यदि किसी नागरिक को कठिनाई हो, तो कर्मचारी उनकी पूरी सहायता करें। भूमि संबंधी प्रकरणों जैसे नामांतरण, रास्ते खोलना, आपसी सहमति से विभाजन आदि मामलों का त्वरित समाधान किया जाए। कलक्टर ने विशेष रूप से स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि ग्रामीणों को मौके पर ही जांच, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विशेष रूप से महिलाओं को शिविरों में स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि वे समय पर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकें।
जिला कलक्टर ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी स्थानीय भाषा में दी जाए और संवाद में संवेदनशीलता हो, ताकि ग्रामीण सहज होकर अपनी समस्याएं साझा कर सकें और अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। साथ ही उन्होंने गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा शिविरों के माध्यम से जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उपखण्ड अधिकारी रजत कुमार विजयवर्गीय, नगर पालिका खानपुर के ईओ धरम कुमार मीणा, विकास अधिकारी रविन्द्र शर्मा, तहसीलदार हेमराज कपूर, स्थानीय प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
 
Tags:    

Similar News