Jhalawar: गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के मुद्दे पर विचार
Jhalawar झालावाड़ । आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन, सुव्यवस्थिकरण, भवन परिवर्तन इत्यादि के तैयार किए गए प्रस्तावों के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गुरूवार को मिनी सचिवालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से पूर्व मतदान केन्द्रों की स्थिति के बारे में अवगत करवाते हुए मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन से पूर्व वर्तमान में अधिसूचित मतदान केन्द्रों की जानकारी दी गई तथा निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार 1200 से अधिक मतदाता वाले मतदान केन्द्रों के सुव्यवस्थिकरण, पुनर्गठन तथा भवन परिवर्तन के तैयार किए गए ड्राफ्ट प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस दौरान तैयार किए गए पुनर्गठन एवं विभाजन के समस्त प्रस्तावों के बारे में उपस्थित प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार विस्तृृत जानकारी प्रदान की गई एवं इस बारे में निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया गया। साथ ही उपस्थित प्रतिनिधियों से शेष रहे मतदान केन्द्रों पर निर्धारित नए प्रपत्र में बीएलए-2 नियुक्त किए जाने हेतु आग्रह किया गया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. जिला कलक्टर) अभिषेक चारण द्वारा उपस्थित राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बारे में भी पूर्ण रूप से अवगत करवाया जाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के वोटर पोर्टल, वोटर हैल्पलाईन इत्यादि के बारे में जानकारी देते हुए इसके अधिकाधिक उपयोग के लिए जागरूकता फैलाने में सहयोग हेतु आग्रह किया गया।
बैठक में राजनीतिक दल इण्डियन नेशनल कांग्रेस से ओम पाठक, भारतीय जनता पार्टी से ओम जांगीड़, आम आदमी पार्टी से राजेन्द्र श्रीवास्तव एवं महावीर गौड़ सहित निर्वाचन कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।