Jalore जालोर । राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टोलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को पंचायत समिति सायला के सभागार में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान, जयपुर द्वारा संचालित सजग ग्राम योजना के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौङ़ की उपस्थिति में ‘‘भ्रष्टाचार पर प्रहार’’ जन जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशला में भ्रष्टाचार-मुक्त व पारदर्शी प्रशासन की प्रतिबद्धता को सशक्त बनाने के लिए आमजन को भ्रष्टाचार के खिलाफ सजग करने के साथ ही उन्हें अपने कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई तथा ब्यूरो मुख्यालय की हेल्पलाईन नंबर 1064 व वाट्सअप नं. 9413502834 के संबंध में अवगत करवाते हुए किसी भी राज्य/केन्द्रीय कर्मचारी/अधिकारी द्वारा वैध कार्य के बदले रिश्वत मांगने पर हेल्प लाईन/वाट्सअप नंबर पर कॉल कर शिकायत करने के लिए जागरुक किया गया।
कार्यशाला में एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ ने बताया कि भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे निर्भीक होकर रिश्वतखोरी या किसी भी प्रकार के भ्रष्ट आचरण की जानकारी एसीबी को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई संभव हो सके।
कार्यशाला में एसीबी द्वारा “किसी मेहनत की कमाई रिश्वतखोरों को न दें’’ का संदेश साझा करते हुए जालोर एसीबी का संपर्क नंबर एवं वॉट्सएप नंबर जारी कर नागरिकों को सीधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में आमजन को भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, एसीबी की भूमिका और राज्य सरकार की पारदर्शी व जवाबदेह शासन व्यवस्था की जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर सतर्क रहने और सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस दौरान सायला व आस-पास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।