Jaipur जयपुर: नाहरगढ़ पहाड़ी पर शनिवार को एक युवक का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अवशेषों को अस्पताल भिजवाया। शव का 70 प्रतिशत हिस्सा जानवरों ने खा लिया था। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि बरामद शव एक महीने से भी ज्यादा पुराना लग रहा है। जानवरों ने अवशेषों को बुरी तरह नोच डाला था, जो कई टुकड़ों में बिखरे मिले। शव की शिनाख्त सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, लापता राहुल के परिजनों से डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले एक बच्चा पतंग लेने पहाड़ी पर गया था। वहां उसने सिर और पैर जैसी चीजें देखीं और घर लौटकर परिजनों को बताया, लेकिन उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ। शनिवार सुबह कुछ और बच्चे उसी जगह गए और अवशेष देखकर परिजनों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शव की डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शव लापता राहुल का है या किसी और का।
Tags: