Jaipur: विमान में बदसलूकी पर एयरपोर्ट पर हुई तुरंत कार्रवाई

"आसमान में हंगामा, जमीन पर गिरफ्तारी"

Update: 2026-03-03 20:40 GMT

जयपुर: मुंबई से जयपुर आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में एक यात्री द्वारा सिगरेट पीने की कोशिश और क्रू मेंबर्स से अभद्रता का मामला सामने आया है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद पुलिस ने आरोपित यात्री को हिरासत में ले लिया। क्रू मेंबर ने उसके खिलाफ एयरपोर्ट थाने में लिखित शिकायत दी है।

जानकारी के अनुसार मामला मंगलवार सुबह फ्लाइट एसजी-920 का है। फ्लाइट ने सुबह 9:30 बजे मुंबई से जयपुर के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के तुरंत बाद एक यात्री ने विमान के भीतर सिगरेट जलाने की कोशिश की। क्रू मेंबर्स ने उसे नियमों की जानकारी देते हुए रोका तो वह भड़क गया और हंगामा करने लगा। आरोप है कि उसने क्रू मेंबर के साथ दुर्व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

क्रू ने स्थिति को संभालते हुए अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। फ्लाइट सुबह करीब 11:35 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची, लेकिन यहां भी यात्री का हंगामा जारी रहा। अराइवल एरिया में भी उसने अभद्र व्यवहार किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

इसके बाद एयरलाइन स्टाफ ने पूरे घटनाक्रम की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित यात्री को हिरासत में ले लिया।

थानाधिकारी रूप नारायण ने बताया कि एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि उड़ान के दौरान धूम्रपान की कोशिश और क्रू के साथ दुर्व्यवहार को विमानन नियमों के तहत गंभीर उल्लंघन माना जाता है। ऐसे मामलों में संबंधित यात्री के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही का प्रावधान है।

Tags:    

Similar News