Jaipur : विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

Update: 2024-07-03 11:00 GMT
Jaipurजयपुर। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के द्वितीय सत्र के पहले दिन बुधवार को विधानसभा में गुजरात, त्रिपुरा एवं मिजोरम की पूर्व राज्यपाल स्व. श्रीमती कमला बेनीवाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री मनोहर जोशी, विधानसभा के पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक स्व. श्री महावीर प्रसाद जैन सहित सदन के दिवंगत हुए पूर्व सदस्यों, विशिष्टजनों एवं हाथरस हादसे में मृत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। सदन में इस दौरान सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिजनों को इस बिछोह को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए
ईश्वर से प्रार्थना की।
प्रारम्भ में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत व्यक्तियों द्वारा राजनैतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की।
डॉ. देवनानी ने गुजरात की पूर्व राज्यपाल स्व. श्रीमती कमला बेनीवाल के राजनैतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमती बेनीवाल राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली पहली महिला सदस्य रहीं। वे ग्यारहवीं विधानसभा के कार्यकाल में राजस्थान की पहली महिला उप मुख्यमंत्री भी रहीं। श्रीमती बेनीवाल गुजरात, मिजोरम एवं त्रिपुरा के राज्यपाल पद पर भी आसीन रहीं। उनका दिनांक 15 मई, 2024 को निधन हो गया।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्य मंत्री एवं पूर्व लोक सभा अध्यक्ष  मनोहर जोशी का जन्म 2 दिसम्बर, 1937 को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के नंदवी ग्राम में हुआ। श्री जोशी मार्च, 1995 से जनवरी, 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री रहे। वे केन्द्रीय सरकार में भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्रालय के मंत्री भी रहे। उनका दिनांक 23 फरवरी, 2024 को निधन हो गया।
प्रो. देवनानी ने श्री महावीर प्रसाद जैन द्वारा राजनीति के क्षेत्र में दी गई सेवाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पूर्व सरकारी मुख्य सचेतक श्री जैन का जन्म 1 जनवरी, 1947 को टोंक जिले के निवाई कस्बे में हुआ। श्री जैन दिसम्बर, 1993 से नवम्बर, 1998 तक तथा जून, 2004 से दिसम्बर, 2008 तक राजस्थान विधान सभा में सरकारी मुख्य सचेतक रहे। उनका दिनांक 24 फरवरी, 2024 को निधन हो गया।
 राधेश्याम गंगानगर का जन्म 1 जनवरी, 1939 को पाकिस्तान के बहावलपुर जिले के हासलपुर ग्राम में हुआ। श्री राधेश्याम गंगानगर मई, 2002 से दिसम्बर, 2003 तक राज्य सरकार में आयुर्वेद, संस्कृत शिक्षा, सिंचाई विभाग के राज्य मंत्री रहे। उनका दिनांक 16 फरवरी, 2024 को निधन हो गया।
चन्द्रशेखर का जन्म 17 मई, 1946 को अलवर जिले के खदाना ग्राम में हुआ। श्री चन्द्रशेखर दिसम्बर, 1998 से नवम्बर, 2003 तक राज्य सरकार में गृह रक्षा, जेल, राजस्व, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के राज्य मंत्री रहे। उनका दिनांक 22 जून, 2024 को हो गया।
 उम्मेद सिंह का जन्म 1 जुलाई, 1948 को नागौर जिले के खोजास ग्राम में हुआ। श्री उम्मेद सिंह सातवीं तथा नौवीं राजस्थान विधान सभा के लिए डीडवाना निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। उनका दिनांक 12 अप्रैल, 2024 को निधन हो गया।
 विवेक धाकड़ का जन्म 18 जनवरी, 1977 को भीलवाड़ा में हुआ। श्री धाकड़ चौदहवीं विधानसभा के लिए हुए उप चुनाव में माण्डलगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। उनका दिनांक 4 अप्रेल, 2024 को हो गया।
 प्रभुलाल करसोल्या का जन्म 14 जनवरी, 1942 को बून्दी जिले के करवर ग्राम में हुआ। श्री प्रभुलाल करसोल्या आठवीं एवं ग्यारहवीं राजस्थान विधान सभा में नैनवा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका दिनांक 25 फरवरी, 2024 को निधन हो गया।
 किशन गोपाल कोगटा का जन्म 6 नवम्बर, 1948 को अजमेर के बिजयनगर में हुआ। श्री किशन गोपाल कोगटा नौवीं तथा दसवीं राजस्थान विधान सभा में मसूदा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका दिनांक 24 नवम्बर, 2023 को निधन हो गया।
 मोटाराम का जन्म 2 सितम्बर, 1956 को बाड़मेर के सिवाना कस्बे में हुआ। श्री मोटाराम आठवीं राजस्थान विधान सभा में सिवाना निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका दिनांक 1 जून, 2024 को निधन हो गया।
 रतीराम यादव का जन्म 9 जुलाई, 1928 को अलवर जिले के भोजावास ग्राम में हुआ। श्री रतीराम यादव पाँचवीं राजस्थान विधान सभा के लिए तिजारा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। उनका दिनांक 11 फरवरी, 2024 को निधन हो गया।
 हुकुम सिंह का जन्म 14 फरवरी, 1927 को जैसलमेर में हुआ। श्री हुकुम सिंह दूसरी तथा तीसरी राजस्थान विधान सभा में जैसलमेर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका दिनांक 17 मार्च, 2024 को निधन हो गया।
सदन में उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई हदयविदारक घटना में मृतक लगभग 121 लोगों के प्रति भी शोक प्रकट किया गया।
Tags:    

Similar News

-->