Jaipur: सरकार की मंशानुरूप संवेदनशील और सजग होकर आमजन को त्वरित राहत प्रदान करें

Update: 2025-09-27 07:47 GMT
Jaipur जयपुर । जयपुर संभागीय आयुक्त श्रीमती पूनम ने शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड जिले का दौरा कर ग्राम पंचायत भाबरू में ग्रामीण सेवा शिविर और प्रागपुरा में आयोजित शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण किया तथा कार्मिकों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा की भावना से कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर श्रीमती प्रियंका गोस्वामी और एडीएम श्री ओमप्रकाश सहारण भी मौजूद रहे.
आयुक्त ने दोनों शिविरों में प्रत्येक स्टाल का निरीक्षण कर प्रगति एवं दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि ये शिविर आमजन की उम्मीदों को पूरा करने का माध्यम हैं, ऐसे में विभागीय कार्मिक आमजन को सभी जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करें। शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेकर उसका प्राथमिकता से निस्तारण करें।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचें, अपनी समस्याओं का समाधान करवाएँ तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हों।
सम्भागीय आयुक्त ने शिविरों में संधारित रजिस्टरों एवं दस्तावेजों की जांच की तथा लाभार्थियों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को लंबित नामांतरण, रास्ते से संबंधित प्रकरण, सहमति विभाजन, गिरदावरी एवं अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन वेरिफिकेशन शत-प्रतिशत पूर्ण करवाने, खाद्य सुरक्षा विभाग को एनएफएसए के तहत पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने, आयुर्वेद विभाग को आयुर्वेद के लाभों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा कृषि अधिकारियों को हाइब्रिड बीजों के लाभों की जानकारी कृषकों को देने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, स्वामित्व योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में गति लाने पर भी बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें तथा राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें।
संभागीय आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों को पीएम मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसी, पीएम आवास आयोजन शहरी की प्रथम किश्त के चैक, पालनहार के स्वीकृति पत्र एवं पट्टे वितरित किए । सम्भागीय आयुक्त आईसीडीएस विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम और अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल हुई। साथ ही मौके पर आमजन के परिवाद सुन त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम, ईओ, संबंधित अधिकारी व कार्मिक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News