Jaipur जयपुर : जयपुर में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राजस्थान रोडवेज की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। यह बस सिंधीकैंप बस स्टैंड से केकड़ी जा रही थी। इसमें करीब 70 यात्री सवार थे। घटना मानसरोवर रीको चौराहे के पास दोपहर करीब 2:40 बजे हुई।आग लगते ही बस में धुआं भर गया और कुछ ही पलों में लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलता दिखा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक लिया। चालक और परिचालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी यात्रियों को जल्दबाजी में सुरक्षित नीचे उतारा गया।
यात्री जैसे-तैसे बस से बाहर निकले और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। मानसरोवर फायर स्टेशन के फायरमैन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बस के वायरिंग सिस्टम में लगी आग तेजी से फैलती हुई इंजन तक पहुंच गई, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को सुचारू कराया और बस को सड़क से हटवाया। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था।