Jaipur : सोया चाप खाने आए युवक के पैर में गोली मार अपराधी फरार

Update: 2025-10-12 04:17 GMT
Jaipur जयपुर: जयपुर में शनिवार रात एक चौंकाने वाली घटना में कार सवार बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर उसके पैर में गोली मार दी। घटना खोह नागोरियां थाना क्षेत्र के रिद्धि-सिद्धि एसबीआई बैंक के पास हुई। पुलिस के अनुसार, करौली निवासी बृजराज मीणा (30) शाम करीब 7:45 बजे अपने दो दोस्तों के साथ सोया चाप खाने आया था।
बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर खड़े होने को लेकर चार-पांच युवकों का बृजराज से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उन्होंने उस पर लाठियों से हमला कर दिया और उसे पीट-पीटकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद एक युवक ने देसी पिस्तौल से उसके पैर में गोली मार दी।  गोली लगने से घायल बृजराज मीणा दर्द से चीखने लगा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर पास में खड़ी एक कार में बैठकर भाग गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत खोह नागोरियां थाने को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी ओमप्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के पैर में गोली लगी है और उसे निकालने की प्रक्रिया चल रही है। शुरुआती जाँच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा लग रहा है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश कर रही है, फ़िलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags:    

Similar News