Jaipur: 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: जिले में मुख्य कार्यक्रम विज्ञान संग्राहलय में होगा
Jaipur जयपुर: जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय 11वां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस “एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिये योग” थीम पर सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग एवं जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक के मुख्य आतिथ्य में 21 जून को प्रातः 6ः30 बजे से 8 बजे तक रामसिंहपुरा स्थित राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्राहलय में आयोजित किया जाएगा।
योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उदबोधन का लाइव प्रसारण एलईडी के माध्यम से 21 जून को प्रातः 6ः30 बजे किया जायेगा। सामूहिक योगाभ्यास 7 बजे से प्रारम्भ होगा।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक और नोडल अधिकारी डॉ. हनुमान प्रसाद शर्मा ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सम्पूर्ण जिले में योगा प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के साथ सभी उपखण्ड मुख्यालयों पर योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय भारत सरकार के “योग संगम“ पोर्टल के साथ ही राज्य सरकार के आयुष विभाग ने “इंटरनेशनल योगा डे“ नामक एप विकसित किया है। उन्होंने सभी निजी विद्यालय, महाविद्यालय, सभी चिकित्सालय, औषधालय एवं आयुष्मान् आरोग्य मंदिरों, व्यवसायिक संस्थानों के प्रबन्धकों के लिए निर्देश दिए हैं कि योग संगम पोर्टल पर अपने संस्थान का पंजीकरण कर योग सत्र की समाप्ति के बाद प्रतिभागियों की संख्या व फोटो अपलोड करें।
जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने आमजन से अपील की है कि अपने स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुये योग दिवस पर अधिकाधिक संख्या में अपने नजदीक के कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर योगाभ्यास करें।