Jaipur जयपुर । जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक का आयोजन जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुआ। जिला कलक्टर ने बताया कि भांकरोटा सड़क हादसे मे हुई जन हानि के बाद जिला प्रशासन आमजन के लिए जयपुर जिले के सड़क परिवहन को सुरक्षित बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रहा है।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में 88 ब्लैक स्पॉट्स पर अस्थाई सुधार कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं, वहीं स्थाई तौर पर 7 ब्लैक स्पॉट्स पर फ्लाई ओवर बनवाये गये हैं, 7 ब्लैक स्पॉट्स पर कार्य प्रगतिरत है। 4 ब्लैक स्पॉट्स के स्थाई निराकरण हेतु विस्तृत तकमीना बनाकर परिवहन विभाग को स्वीकृति हेतु भिजवाया गया है। वहीं 3 ब्लैक स्पॉट्स पर फ्लाई ओवर के निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रियाधीन हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि 30 अन्य अधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों का चयन कर सम्बन्धित विभागों को संयुक्त जांच हेतु प्रकरण भेजे गए हैं ताकि दुर्घटना में होने वाली जन-माल हानि को बचाया जा सके। इस दौरान सड़क सुरक्षा पर कार्य करने वाले एनजीओ 'सहायता द लाइफ सेवर्स' को जिले की 10 पंचायत समितियों में लगभग 3500 युवाओं को दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने हेतु प्रशिक्षण प्रदान करने, करीब 300 युवाओं को दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को सहायता करने का गहन प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रशिक्षक बनाने के लिए सी.एस.आर. मद से 24 लाख 20 हजार रुपए की राशि प्रदान करने पर जिला कलक्टर ने एसबीआई प्रतिनिधि अधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बैठक में पद्मश्री डॉ. माया टण्डन, एडीएम (दक्षिण) संतोष कुमार मीणा, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग आर.के. सिंह, ताराचंद सहारण सहित पुलिस एवं सम्बन्धित विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।