पार्टी को मजबूत बनने के बजाय राजस्थान मजबूत करती तो जनता खुश होती

Update: 2023-07-14 04:08 GMT

जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा द्वारा भाजपा और आरएसएस के खिलाफ दिए गए बयानों पर सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड ने जवाबी हमला किया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अपनी पार्टी को मजबूत करने के बजाय राजस्थान को मजबूत करती तो प्रदेश की जनता खुश रहती। साढे चार साल में कांग्रेस ने केवल एक ही परिवार और एक ही व्यक्ति की चिंता की है। कांग्रेस के लिए अन्य किसी का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्हें केवल राहुल गांधी और उनका परिवार ही दिखता है, जिसके पीछे पूरे देश के अंदर मौन व्रत का शो भी रखा गया था।

राज्यवर्धन सिंह राठौड ने कहाकि कांग्रेस के नेताओं की भाषा शैली इतनी बेलगाम हो चुकी है कि इन्हे चीजों का फर्क ही मालूम नहीं है। इनकी भाषा से इनकी परवरिश का पता चलता है। आरएसएस एक समाज सेवी संगठन है, जो अपना सब कुछ त्याग करके राष्ट्र और समाज को मजबूत करने वाला संगठन है। राष्ट्रसेवा करने वाले सभी संगठन भाजपा के साथ हैं। हमारे लिए राष्ट्र प्रथम है। जो व्यक्ति आरएसएस को बिल खोजने को कह रहे हैं, वे 2023 के चुनाव के बाद अपना बिल खोज लें।

राज्यवर्धन राठौड ने महिला उत्पीडन पर कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि ये लोग महिला दुष्कर्म के खिलाफ क्यों नहीं खडे़ होते, तब ये लोग मौनव्रत क्यों नहीं रखते। प्रदेश के भीतर जिस तरह से अलगाववादी ताकतें सक्रिय हैं, उनके खिलाफ कांग्रेस के लोग क्यों नहीं बोलते। प्रदेश में खनन माफिया, बेलगाम अपराध और पेपर लीक जैसे मामलों पर ये लोग क्यों नहीं बोलते। इसलिए यह स्पष्ट है कि कांग्रेस केवल अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है प्रदेश की बदहाली की इन्हे कोई चिंता नहीं है।

सचिन पायलट और गहलोत की गुटबाजी पर कटाक्ष करते हुए राज्यवर्धन राठौड ने कहा कि साढे चार साल तक रोज कुर्सी की लडाई होती रही। हर रोज प्रदेश की जनता इस झगडे में पिसती रही। कांग्रेस ने केवल प्रदेश को एक किनारे धकेलकर केवल सत्ता की ही राजनीति की। इन लोगों ने महिला, युवा और किसान की कोई सुध नहीं ली। ना ही भ्रष्टाचार को रोकने की कोशिश की। साढे चार साल तक प्रदेश को लूटने के बाद अब ये एकजुटता और एकसाथ होने का दिखावा कर रहे हैैं। चुनाव के दौरान जैसे ही टिकिट वितरण का समय आएगा इनकी फूट एक बार फिर जगजाहिर हो जाएगी।

Tags:    

Similar News