भीलवाड़ा । समाज और राष्ट्र के भविष्य को संवारने वाले शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक दिवस पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजित किया गया। एचडीएफसी बैंक, अजमेर रोड शाखा, भीलवाड़ा की ओर से श्री महेश सेवा समिति द्वारा संचालित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल गर्ल्स, आजाद नगर में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में विद्यालय के शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अल्पा सिंह, उप-प्राचार्य श्रीमती रुचि रस्तोगी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। प्राचार्य श्रीमती अल्पा सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एचडीएफसी बैंक द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक के ब्रांच मैनेजर दिलीप काबरा ने कहा कि बैंक सदैव समाज के लिए महत्वपूर्ण और नेक कार्य करने वाले वर्गों के सम्मान एवं सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। काबरा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों के लिए बैंकिंग से संबंधित विशेष सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में रिलेशनशिप मैनेजर महेश डोडवानी, सेल्स मैनेजर रवि शर्मा सहित एचडीएफसी बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से बैंक की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए सभी बैंक अधिकारियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

Tags: