Hanumangarh: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में "गिव अप" अभियान के तहत स्वेच्छा से नाम हटवाने की अपील
Hanumangarh हनुमानगढ़। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत "गिव अप" अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 30 अप्रैल 2025 तक राशन कार्डधारक स्वेच्छा से प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अपना नाम हटवा सकते हैं। इस अभियान के तहत लाभार्थी अपनी इच्छा से नाम हटवा रहे हैं।
जिला रसद अधिकारी श्री सुनील घोड़ेला ने बताया कि अब तक 11,151 राशन कार्ड और 52,728 यूनिट स्वेच्छा से हटाई जा चुकी हैं। अभियान के अंतर्गत वे परिवार, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपये से अधिक है, जिनका कोई सदस्य आयकरदाता है, या जिनके पास चौपहिया वाहन (ट्रैक्टर एवं एक वाणिज्यिक वाहन को छोड़कर) है, अपात्र माने जाएंगे।
30 अप्रैल, 2025 के बाद होगी जांच
यदि ऐसे अपात्र परिवार स्वेच्छा से अपना नाम निर्धारित तिथि तक नहीं हटवाते हैं, तो 30 अप्रैल 2025 के बाद विभाग द्वारा जांच कर उनके नाम खाद्य सुरक्षा सूची से हटा दिए जाएंगे। अब तक 140 राशन कार्डधारकों को अपात्रता संज्ञान में आने पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जिला रसद अधिकारी श्री घोडेला ने अपील की है कि अपात्र लाभार्थी 30 अप्रैल, 2025 से पहले स्वयं अपना नाम हटवा लें, ताकि उन्हें कानूनी कार्यवाही या वसूली जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।