जिला कलक्टर ने किया दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण जांच
श्रीगंगानगर । जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने बुधवार सुबह जिला मुख्यालय स्थित दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने दोनों प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध जांच और दवा सुविधाओं को देख स्टाफ को नियमित रूप से समय पर आने के साथ-साथ चिकित्सीय ड्रेस पहनने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बुधवार सुबह 9.30 बजे पुराने जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नंबर 2 और गुरूनानक बस्ती स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों के दवा वितरण केन्द्रों पर पहुंचकर जिला कलक्टर ने दवा ले रहे रोगियों से बात की। दवा वितरण केन्द्र प्रभारी से दवाओं और स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी चिकित्सकों से सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी लेकर जिला कलक्टर ने स्टाफ को चिकित्सीय ड्रेस पहनकर आने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक निर्धारित समयानुसार सुबह 9.30 बजे पहुंचे और राज्य सरकार की मंशा के अनुसार रोगियों को चिकित्सा व उपचार सुविधा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना और मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना केन्द्र के साथ-साथ टीकाकरण कक्ष का भी अवलोकन करते हुए कार्यरत कार्मिकों से जानकारी ली। रोगियों से बातचीत करते हुए जिला कलक्टर ने पूछा कि उन्हें राज्य सरकार द्वारा दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं? उन्होंने चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का लाभ अधिक से अधिक रोगियों को मिलना सुनिश्चित किया जाये।
इस अवसर पर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नम्बर 2 के प्रभारी डॉ. रामप्रताप और गुरूनानक बस्ती स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की प्रभारी डॉ. अनिता मित्तल सहित स्टाफ मौजूद रहा। (फोटो सहित)