Dholpur: सैनिक सम्मान के साथ नम आंखों से दी विदाई

Update: 2024-09-21 13:56 GMT
Dholpur धौलपुर। जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन जीवन रक्षक के दौरान शहीद हुए सिपाही रामकिशोर का शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव दूल्हेराय का घेर में पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। केन्द्र सरकार के केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल, राज्य मंत्री गृह एवं प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, अध्यक्ष राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति प्रेमसिंह बाजौर ने शहीद के घर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों से मिलकर उन्हें
ढांढस बंधाया।
भारत माता की जय और शहीद रामकिशोर अमर रहे के नारों के बीच दूर-दराज से आए हजारों लोगों ने अपने लाडले शहीद को अंतिम विदाई दी। केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल, राज्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, अध्यक्ष राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति प्रेमसिंह बाजौर, जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने तिरंगा लिपटे शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए और श्रद्धाजंलि दी। उन्होंने शहीद के पिता महावीर सिंह, धर्मपत्नी पूजा और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। केन्द्रीय राज्य मंत्री एस पी सिंह बघेल ने कहा कि इतनी कम उम्र में परिवार का सदस्य का दुनिया से चले जाना किसी भी परिवार के लिए बहुत दुख का विषय है, लेकिन उन्होंने देश के लिए शहादत देकर परिवार के साथ ही पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि हमें अपने वीर शहीद के सर्वाच्च बलिदान पर गर्व है। राज्य सरकार एवं प्रशासन दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने शहीद की अंत्येष्टि से पूर्व पार्थिव शरीर को कंधा दिया। भारी गम और गर्व भरे माहौल में शहीद के भतीजे ने शहीद की चिता को मुखाग्नि दी। तिरंगा लिपटे शहीद के पार्थिव शरीर को सैनिकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस अवसर पर सांसद भजनलाल जाटव, राजाखेड़ा विधायक रोहित बौहरा समेत बड़ी संख्या में प्रशासनिक, पुलिस, सैन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आमजन ने पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र पाराशर, भाजपा नेत्री नीरजा शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर धीरेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।
Tags:    

Similar News

-->