Bundi: RUIDP की पहल: युवा पीढ़ी में जल संवेदनशीलता बढ़ाई

Update: 2025-10-10 10:32 GMT
Bundi बूंदी। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) द्वारा अपने सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। आरयूआईडपी की अधिशाषी अभियंता, सोनम शर्मा के कुशल निर्देशन में, शुक्रवार को युवा पीढ़ी को पानी के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्‍य से राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, गणेश बाग में एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान कैप-आरयूआईडीपी के प्रतिनिधि सचिन मुदगल ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व पर बहुमूल्य जानकारी दी। उन्होंने जोर देकर कहा, "आवश्यकतानुसार ही जल का उपयोग करें और पानी की एक-एक बूंद बचाएं, क्योंकि 'आज की बचत कल का भविष्य है'।" उनके शब्दों ने विद्यार्थियों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया।
घरेलू उपायों से संभव है बड़ा बदलाव
इसी क्रम में, सोशल सेफगार्ड विशेषज्ञ नरेश महावर ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे पानी का व्यर्थ बहाव रोकें और इसका सदुपयोग करें। महावर ने दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले सरल घरेलू उपायों पर प्रकाश डाला गया। उन्‍होंने बताया कि ब्रश करते समय या दाढ़ी बनाते समय नल बंद रखें। बर्तन धोते समय सिंक में लगातार नल न चलाएं। गाड़ी धोने के लिए पाइप की जगह बाल्टी और मग का प्रयोग करें, जिससे काफी पानी बचाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने परियोजना से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा सुझाव के लिए टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान एसओटी टीम की बबीता तथा विद्यालय के स्टाफ सदस्य शिवराज शर्मा, रवि कुमार गौतम, रितेश कुमार जैन, सीमा मीना और कमलेश बाई मीना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल जानकारीपूर्ण था, बल्कि उन्हें जल के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने में भी सफल रहा।
Tags:    

Similar News