Bikaner:फिरौती को लेकर फायरिंग

Update: 2025-09-11 01:25 GMT
Bikaner बीकानेर: बीकानेर शहर बुधवार तड़के गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब पॉश इलाके सादुलगंज में एक व्यापारी के घर पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह हमला 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग पूरी न होने पर किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
घटना बुधवार सुबह करीब 4:27 बजे की है, जब सादुलगंज स्थित धनपत चायल और सुखदेव चायल के परिवार अपने घर में सो रहे थे। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे और घर के बाहर 6 से 7 राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से पूरा परिवार दहशत में आ गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर आ गए।
कांग्रेस नेता धनपत राय ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पुलिस को इसकी तुरंत सूचना दी गई और मामले की जाँच पहले से ही चल रही थी। अब गोलीबारी की घटना से पूरा मामला तूल पकड़ गया है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँच गए और एफएसएल टीम को भी जाँच के लिए बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि बाइक सवार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश के लिए इलाके की नाकाबंदी की जा रही है।गौरतलब है कि दो दिन पहले बीकानेर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से
पिस्तौल
बरामद की थी। पूछताछ में पता चला था कि वे शहर में फिरौती की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। ऐसे में मौजूदा घटना के बाद पुलिस कई एंगल से जाँच कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क को खंगाल रही है।
यह घटना न केवल बीकानेर में अपराध जगत की सक्रियता को उजागर करती है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि गैंगस्टर नेटवर्क किस तरह व्यापारियों और राजनेताओं को निशाना बना रहे हैं।
Tags:    

Similar News